भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर बद्रीपुर में प्रभात फेरी
लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की, प्रतिमा को करवाया पूरे नगर का भ्रमण
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जगह-जगह प्रभात फेरियां और मूर्ति प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के साथ-साथ भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। पांवटा साहिब के बद्रीपुर में मंगलवार की सुबह प्रभात फेरी के साथ परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम का आगाज हुआ। ब्राह्मण सभा पांवटा इकाई की अगवाई में सुबह छह बजे सभी लोग बांगरण स्थित भगवान परशुराम चौक पर एकत्रित हुए और यहां से पूरे नगर में भगवान परशुराम की प्रतिमा का भ्रमण करवाया गया।
उसके बाद बद्रीपुर स्थित शिव मंदिर में सात बजे से साढ़े नौ बजे तक गायत्री जप व हवन हुआ। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही जलाभिषेक भी किया गया। इस मौके पर ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि बैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया पर भगवान विष्णु के अवतार परशुराम का जन्म हुआ था। भगवान परशुराम भार्गव वंश में जन्मे भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं। उनका जन्म त्रेतायुग में हुआ था। परशुराम जयंती बैशाख मास में शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। इस पावन दिन को अक्षय तृतीया भी कहा जाता है। इस दौरान ब्राह्मण सभा की पांवटा इकाई के संयोजक मदन शर्मा, अजय शर्मा, अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बिंदु शर्मा, मोहन लाल शर्मा, रामलाल शर्मा, जीवन जोशी, संजय भारद्वाज, सुभाष शर्मा, नंदलाल शर्मा, किरण शर्मा, सुधांशु शर्मा, रजत शर्मा, राजकुमार भारद्वाज, नवीन शर्मा, प्रमोद शर्मा, विजय भारद्वाज, राहुल सेवल, अनूप शर्मा, नरेंद्र कुंडू, मधुकर डोगरी, सुनील चौधरी आदि उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App