झमाझम बारिश से परवाणू में गर्मी से राहत, मौसम सुहावना

By: May 11th, 2025 12:10 am

सैलानी कर रहे हिमाचल की वादियों का रुख, बारिश होने से किसान-बागबान भी खुश

निजी संवाददाता-परवाणू
प्रदेश में इस वर्ष व गर्मियों के माह में कुदरत व प्रकृति का यह बदलाव इस वर्ष गर्मी से बचने की नई इबारत लिखता हुआ नजऱ आ रहा। शनिवार को परवाणू में दोपहर को हुई झमाझम बारिश ने क्षेत्र में गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। वहीं परवाणू में लगभग करीब दो घंटे तक लगातार हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। तपिश से राहत मिलने के साथ ही ठंडी हवाओं और बादलों ने वातावरण को सुखद बना दिया। इस दौरान गर्मी से परेशान स्थानीय लोगों के चेहरों पर बारिश होने से पड़ी ठंडक से मुस्कान लौट आई, वहीं पर्यटकों ने भी इस बदले मौसम का खुलकर आनंद लिया। सप्ताहांत के चलते आस-पास के शहरों जैसे चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली और भारत के कई राज्यों से आए सैलानी परवाणू कसौली, शिमला, चायल, कुफरी, नारकंडा जैसे पहाड़ी इलाकों रुख करते नजर आए।

वहीं, प्रदेश के मौसम में हुए बदलाव से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन कारोबार में भी हलचल देखने को मिली। हिमाचल की सीमा पर स्थित परवाणू, कसौली व आस पास के कुछ पहाड़ी इलाके हमेशा से पर्यटकों का पसंदीदा पड़ाव रहा है और मौसम में आए इस खुशनुमा बदलाव ने यहां की रौनक बढ़ा दी है। होटल और रेस्टोरेंट्स में भी चहल पहल बढ़ती नजर आई। उधर, मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में भी मौसम खुशगवार बना रहेगा।

सीमाओं पर तनाव सैलानियों का हिमाचल प्रेम बरकरार
भारत-पाक सीमा पर तनाव के बीच भी हिमाचल की वादियों में सैलानी पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में जब सीमाओं पर स्थिति गंभीर बनी हुई है, भारतीयों का यह आत्मविश्वास और बेखौफ घूमना न केवल हिमाचल के पर्यटन को मजबूती दे रहा है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि देशवासियों को अपनी सेनाओं पर कितना अटूट भरोसा है। यह वहीं जज़्बा है जो हर बार साबित करता है कि भारतवासी अपने राष्ट्र और सैनिकों के प्रति न केवल भावनात्मक रूप से जुड़े हैं, बल्कि उन्हें हर संकट में संबल भी मानते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App