15 तारीख तक दी जाएगी एचआरटीसी के रिटायर कर्मचारियों को पेंशन

By: May 11th, 2025 12:10 am

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को निगम पेंशनरों की समस्याओं पर चार सूत्री मांग पत्र सौंपा

निजी संवाददाता-परवाणू
हिमाचल प्रदेश के पुराने औद्योगिक कस्बे परवाणू में शनिवार को पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन परवाणू इकाई की मासिक बैठक का आयोजन हिपपनि परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राज्य महासचिव नानक शांडिल द्वारा की गईं। इस अवसर पर उप प्रधान राम सरण ठाकुर, सचिव हरदेव सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष बलदेव राज मैहता, मनोहर लाल, जोगिंदर सिंह सैनी, रामेश्वर दास धीमान, सुशील कुमार, अमर नाथ, नारायण सिंह, प्रेस सचिव राम दयाल धीमान सहित अनेक पेंशनर सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान परवाणु इकाई के नये चेयरमैन का पद पर वरिष्ठ पेंशनर शिव दयाल को नियुक्त किया गया, जिस पर सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

राज्य महासचिव नानक शांडिल ने बैठक में जानकारी दी कि आठ मई को पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की राज्य परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष देव राज ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को निगम के पेंशनरों की समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और विस्तार से चर्चा की। शांडिल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जब तक प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं होता, तब तक हर माह की 15 तारीख तक हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों को पेंशन दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निगम के पेंशनरों के लिए हर महीने अलग से पेंशन की सीमा निर्धारित की जाएगी। मार्च 2024 के बाद से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को शीघ्र पेंशन जारी करने और लंबे समय से लंबित चिकित्सा भत्तों की शीघ्र अदायगी का भी आश्वासन दिया गया। शांडिल ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से भविष्य में भी नियमित रूप से संपर्क बनाए रखने की बात कही, ताकि पैंशनरों की समस्याओं का समाधान मिलजुल कर किया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App