पांच साल के बच्चे ने काटा रिबन, लेह बहाल

By: May 13th, 2025 12:11 am

मनाली से दौडऩे लगी गाडिय़ां; लोगों में खुशी की लहर, आना-जाना आसान

कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
हिमाचल लद्दाख सीमा सरचू में लद्दाख के पांच साल के तेंजिन ने रिबन काटकर लेह-मनाली सामरिक मार्ग को अधिकारिक तौर पर वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है। लेह की तरफ बीआरओ की हिमांक परियोजना ने सरचू तक मार्ग को बहाल कर दिया। वहीं, 70 आसीसी ने दारचा से सरचू तक 21 मार्च से बर्फ हटाने का कार्य आरंभ किया था। 12 मशीनों के साथ 80 जवानों ने मार्ग बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर जारी रखा था। अब सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहन दौड़ेंगे। पांच महीने बंद रहने के बाद मार्ग बहाल हो गया है।

बीआरओ ने कड़ी मशक्त के साथ मार्ग को बहाल करने में कामयाबी हासिल की है। सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण और रोमांच के लिए दुनिया में प्रसिद्ध मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बहाल हो गया है। मार्ग बहाल होने के चलते हिमाचल प्रदेश और लेह राज्य का आपस में संपर्क जुड़ गया है। मार्ग बहाल होने से सेना की रसद आदि को कारगिल आदि क्षेत्रों में पहुंचाने में आसानी होगी। बीआरओ ने विपरीत परिस्थितियों के बाबजूद पिछले साल की अपेक्षा मार्ग को एक सप्ताह पहले खोलने में सफलता पाई है। सरचू तक सडक़ को पहले ही बहाल कर लिया था, जबकि दीपक परियोजना के जवान दोनों तरफ से बारालाचा दर्रे की बहाली में जुटे थे। दर्रे के दोनों छोर मिलते ही दुनिया का सबसे रोमांचक और ऊंचा मार्ग बहाल हो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App