भारत माता की जय से गूंजा आनी

आतंकवाद के खिलाफ उठी आवाज, शहीदों को किया नमन
स्टाफ रिपोर्टर-आनी
उपमंडल मुख्यालय आनी में वीरवार को भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया और देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और आनी के वर्तमान विधायक लोकेंद्र कुमार मौजूद रहे। यात्रा की शुरुआत देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई और शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भी लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की और देश की सुरक्षा के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। पाकिस्तान के खिलाफ मुर्दाबाद के नारों से आनी कस्बा गूंज उठा।
इस अवसर पर आनी के पुराने बस अड्डे पर जनता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह और विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और तिरंगा हमारी एकता, संप्रभुता और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद का सहारा लेकर भारत मे अशांति फैलाने का जो काम किया, उसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने देश की आन बान और शान को झुकने नहीं दिया ।भारतीय सेना के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है। यात्रा के दौरान श्भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे नारों से पूरा आनी गूंज उठा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App