सेंट्रल प्रोजेक्ट्स से ज्यादा मिले फ्री बिजली, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से CM की मांग, उठाए हिमाचली हितों से जुड़े मुद्दे

By: May 23rd, 2025 12:01 am

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से सीएम सुक्खू की मांग, हिमाचली हितों से जुड़े मुद्दे उठाए

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर हिमाचल प्रदेश के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं में राज्य की मुफ्त बिजली हिस्सेदारी बढ़ाने का आग्रह किया। खासकर उन परियोजनाओं में जहां लागत पहले ही वसूल की जा चुकी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है, लेकिन इसके वाजिब अधिकारों की भी रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हालांकि सार्वजनिक क्षेत्र और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का जल विद्युत उत्पादन के माध्यम से काफी विस्तार हो चुुका है, लेकिन हिमाचल प्रदेश को इसका जायज हक नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने बैरास्यूल परियोजना को हिमाचल को सौंपने की लंबे समय से लंबित मांग पर भी चर्चा की, जिसका निर्माण 1980-81 में किया गया था। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से बकाया राशि जारी करने का भी अनुरोध किया।

साथ ही उन्होंने बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश से एक स्थायी सदस्य नियुक्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। केंद्रीय विद्युत मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सीएम सुक्खू ने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड की लुहरी, सुन्नी तथा धौलसिद्ध परियोजनाओं के साथ एनएचपीसी की डुग्गर परियोजना को राज्य को सौंपने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का लागत मूल्यांकन वर्तमान में किया जा रहा है।

जल पर्यटन को बढ़ावा दे रही सरकार

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत से मुलाकात के दौरान बोले मुख्यमंत्री

राज्य ब्यूरो प्रमुख — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट कर हिमाचल प्रदेश लम्बित विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं और मंत्रालय से धनराशि की स्वीकृति के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार युवा साहसिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जल पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने औहर परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की इस क्षेत्र को जल क्रीड़ा गंतव्य बनाने की योजना है। उन्होंने देहरा और पौंग डैम से जुड़ी परियोजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत भेेजी गई परियोजनाओं को स्वीकृति देने और राज्य के लिए पूंजी निवेश की विशेष योजना के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं को भी मंजूरी देने की मांग की। सुक्खू ने हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निवेश की संभावनाएं तलाशने का भी आग्रह किया।

कृतिका शर्मा को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई

शिमला — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिला की 17 वर्षीय कृतिका शर्मा को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कृतिका ने इस साहसिक उपलब्धि से न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी के कैडेट कृतिका ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का परिचय देते हुए इस कठिन लक्ष्य को हासिल किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App