राज्य सचिवालय में आपदा प्रबंधन विंग ने संभाला मोर्चा, CM सहित कई अधिकारी सचिवालय पहुंचे

24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम; शिफ्ट में ड्यूटी देंगे कर्मी, हर गतिविधि पर नजर
चीफ रिपोर्टर-शिमला
राज्य सचिवालय में शनिवार को सरकारी अवकाश के बावजूद हलचल जारी रही। यहां करीब 11 बजे के बाद अधिकारियों का आना-जाना शुरू हो गया था। यहां पहले कर्मचारी पहुंचे जिसके बाद मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर आए। उनका स्टाफ यहां पहुंचा था वहीं फिर मुख्यमंत्री के आने का अलर्ट उनके सुरक्षा कर्मियों को आ गया। सुरक्षा कर्मियों ने वहां मोर्चा संभाल लिया और 12 बजे के बाद मुख्यमंत्री का काफिला भी यहां पहुंच गया। उनके आने के बाद मीडिया कर्मियों से वो मुखातिब हुए और फिर उन्होंने अधिकारियों व दूसरे नेताओं के साथ यहां चर्चा की। यहां सचिवालय के नए भवन के ऊपरी फ्लोर में आपदा प्रबंधन विंग का कंट्रोल रूम है, जहांं पर खूब हलचल दिखी।
बता दें कि आपदा प्रबंधन विंग ने मोर्चा संभाला हुआ है और जिस तरह के आदेश सरकार की ओर से थे उसके मुताबिक यहां पर कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं। यहां कंट्रोल रूम में सूचनाओं का आदान प्रदान चल रहा है और कर्मचारी पूरे प्रदेश की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। यहां सभी जिलों से सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। खासकर प्रदेश के सीमाई जिलों से सूचनाएं ली जा रही हैं। कहां पर क्या चल रहा है और जिला प्रशासन कितने एक्टिव हैं इसकी पूरी जानकारी कंट्रोल रूम के पास है। कई-कई घंटों की शिफ्ट में कर्मचारी यहां डटे हुए हैं।
डीसी-एसपी कार्यालय भी खुले
सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारी भी पहुंचे थे वहीं सचिवालय प्रशासन के अधिकारी भी यहां आए हुए थे। सरकार ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां बंद की हैं। हालांकि तीन दिनों तक सरकारी अवकाश है बावजूद इसके सचिवालय में अवकाश नहीं है। इसी तरह से डीसी और पुलिस अधीक्षकों के कार्यालय भी खुले रखे गए थे। सरकार ने अफसरों व कर्मचारियों को कहा है कि वो मुख्यालय न छोड़ें क्योंकि अभी भी उनको बुलाया जा सकता है
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App