ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर हवन यज्ञ

By: May 14th, 2025 12:11 am

व्यापारियों-लोगों ने की वीर सैनिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना, निकाली तिरंगा यात्रा, बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग

निजी संवाददाता-भराड़ी
शिव शक्ति व्यापार मंडल भराड़ी ने भारतीय सेना द्वारा हाल ही में संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में एक विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया। यह आयोजन टौणीदेवी माता मंदिर भराड़ी परिसर में विश्व शांति, आतंकवाद के खात्मे और भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम के सम्मान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रधान पृथी सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना का एक साहसिक एवं निर्णायक कदम है, जिसने आतंकवाद के विरुद्ध भारत की मजबूती और संकल्प को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे भराड़ी क्षेत्र में गर्व की लहर है और इसी भावना के साथ यह हवन यज्ञ भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित किया गया है।

हवन यज्ञ के दौरान स्थानीय दुकानदारों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और यज्ञ में आहुति डालकर देश की रक्षा में लगे वीर सैनिकों की सुरक्षा की प्रार्थना की। सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय सेना के साहसिक कार्यों के लिए कृतज्ञता व्यक्त की और आतंकवाद के नाश की कामना की। कार्यक्रम की एक अन्य विशेषता भराड़ी में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा रही, जिसमें व्यापार मंडल के सदस्य, युवा वर्ग, महिलाएं, स्थानीय गणमान्य नागरिक ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे जोश और देशभक्ति की भावना के साथ शामिल हुए। इस तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में देशप्रेम और एकता का सशक्त संदेश फैलाया। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि भारतीय सेना का साहस, समर्पण और निष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मदन धीमान, बीडीसी सदस्य शिल्पा ठाकुर, व्यापार मंडल सचिव व उप प्रधान गतवाड़ पंचायत अजय , कोषाध्यक्ष अनूप, सहसचिव कामराज, भराड़ी पंचायत उपप्रधान संजीव चौधरी, मीडिया प्रभारी जनक राज शर्मा, कार्यकरिणी सदस्य दूनी चंद शर्मा, प्रेम लाल, बलदेव, राकेश सोनी, सुनील, रमेश चौधरी,बलवंत सहित महिला मंडल सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App