हिमाचल ने जायका प्रोजेक्ट की एक्सटेंशन मांगी

2028 में होगा पूरा, सरकार चाह रही दो साल और बढ़े परियोजना
चीफ रिपोर्टर—शिमला
हिमाचल प्रदेश में वन विभाग के तहत चल रहे जायका प्रोजेक्ट को राज्य सरकार ने आगे बढ़ाने के लिए एक्सटेंशन मांगी है। इस परियोजना में जिस गति से काम किया जा रहा है, उससे उम्मीद है कि आने वाले समय में जायका इंडिया इसे एक्सटेंड कर दे। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश के 72 वन रेजों में और अधिक काम होगा और वानिकी के क्षेत्र में तेजी से हिमाचल बढ़ सकेगा। इस परियोजना से प्रदेश को काफी ज्यादा मदद मिली है। बताया जाता है कि जायका इंडिया की टीम यहां आई थी और कई दिनों तक इस टीम ने प्रोजेक्ट की समीक्षा की। इसका मूल्यांकन किया गया है, जिसके बाद जायका इंडिया तय करेगा कि प्रोजेक्ट आगे बढ़ाना है या फिर नहीं। वैसे प्रदेश सरकार की ओर से वन विभाग के मुखिया समीर रस्तोगी ने जायका इंडिया से प्रोजेक्ट को एक्सटेंशन देने की मांग की है। जायका इंडिया ने हिमाचल को वर्ष 2017-18 में जायका प्रोजेक्ट दिया था, जोकि 10 साल की अवधि का था।
2027-28 में यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, जिसके लिए अभी से एक्सटेंशन की बात की जा रही है। जायका वानिकी परियोजना की मध्यावधि समीक्षा करने के लिए हिमाचल पहुंची जायका इंडिया की टीम ने प्रदेश में हो रहे वानिकी परियोजना के कार्यों की सराहना की है। हिमाचल प्रदेश में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करने के बाद अगले चरण के बारे तय किया जाएगा और जल्दी ही इस पर जवाब दिया जाएगा, ताकि फिर तेजी के साथ काम को आगे बढ़ाया जा सके। वन विभाग की इस परियोजना से गांव स्तर पर लोगों को स्वरोजगार भी दिया जा रहा है और बड़ी संख्या में ग्राम वन विकास समितियां इसमें जुड़ी है। इसमें स्वयं सहायता समूहों की मदद की जा रही है।
सात जिलों में चल रहा है प्रोजेक्ट
यह परियोजना हिमाचल में 460 ग्राम वन विकास समितियों और 920 स्वयं सहायता समूहों को सहायता कर रही है। परियोजना सात जिलों में चल रही है। इसमें किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, शिमला और कुल्लू शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में आजीविका सुधार, महिला सशक्तिकरण और वन तंत्र प्रबंधन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। जायका परियोजना से हिमाचल प्रदेश के वन क्षेत्रों में काफी ज्यादा सुधार हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App