काम न करने पर रद्द होंगे टेंडर

By: May 24th, 2025 12:10 am

नगर निगम मंडी की मासिक बैठक में फैसला, तैयार होगी ठेकेदारों की सूची

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
नगर निगम मंडी द्वारा काम न करने ठेकेदारों के टेंडर रद्द किए जाएंगे। वहीं सभी वार्डों में एससीडीपी ग्रांट के तहत एक करोड़ 13 लाख के कार्य करवाए जाएंगे। यह निर्णय नगर निगम मंडी की मासिक बैठक में लिया गया है। निगम इसके लिए एक सूची तैयार कर रहा है, जिसमें काम न करने वाले ठेकेदारों क ी पहचान की जाएगी। वहीं उन ठेकेदारों को दिए गए टेंडरों को भी रद्द किया जाएगा। बता दें कि ऐसे कई ठेकेदार हैं, जिन्होंने निगम के क्षेत्र में काम तो ले लिए हैं। लेकिन कई सालों से काम अधूरे पड़े हैं। अब इन ठेकेदारों को निगम हटाने वाला है। इसके साथ ही वार्डों में विकास कार्यो को गति देने के लिए निगम द्वारा एससीडीपी ग्रांट के माध्यम से लगभग एक करोड़ तेरह लाख रुपए के कार्य सभी वार्डों में नियमानुसार करवाए जाएंगेे। यह ग्रांट हर वार्ड अनुसूचित जाति के परिवारों को देखते हुए दी जाएगी। जहां अनुसूचित जाति के अधिक परिवार हैं, वहां सबसे अधिक ग्रांट जारी कर कार्य किया जाएगा। वहीं नगर निगम मंडी अष्टमी मेला, माडंव्य उत्सव, पंतग उत्सव इत्यादि उत्सव मनाती है।

इस कार्य में सभी संस्थाओं का सहयोग मिलता है। इसके लिए सांस्कृतिक कमेटी बनाने हेतू 28 मई को बजे बैठक का आयोजन निगम में होगा। जिसमेें सभी संस्थाओं व आमजनमानस को नगर निगम मंडी ने आमंत्रित किया है। ताकि इन त्योहारों को सुचारु रूप से मनाया जा सके। बैठक में नई स्ट्रीट लाइट्स खरीदने का भी फैसला लिया गया। यह बैठक महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा की अध्यक्षता में समाप्त हुई। बैठक में उपमहापौर माधूरी कपूर, पार्षद अलकनंदा हांडा, राजेंद्र मोहन, योगराज, वीरेंद्र सिंह आर्य, सुदेश कुमारी, हरदीप सिंह, सुमन ठाकुर,नेहा कुमारी, निर्मल वर्मा, कृष्ण भानु, अंजय कुमारी, मनोनीत पार्षद दिनेश पटियाल, नितिन भाटिया, यशकांत कश्यप, दर्शन ठाकुर, संजय शर्मा, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विजय कुमार, सहायक अभियंता, अनुभाग अधिकारी व निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

निगम के पुस्तकालयों की बढ़ाएंगे क्षमता
नगर निगम मंडी द्वारा संचालित की जा रही टाउन हाल की लाइब्रेरी अच्छी चल रही है। यहां कई छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आ रहे हैं। बच्चों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए यहां पुस्तकालय की क्षमता बढ़ाई जाएगी। वहीं जवाहर नगर में 25 बच्चों को बैठने की क्षमता वाली लाइब्रेरी शीघ्र जनसमर्पित की जाएगी।
लोक संपर्क अधिकारी की होगी नियुक्ति
नगर निगम मंडी द्वारा निगम में लोक संपर्क अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। निगम अपने ही किसी कर्मचारी को जो योग्य होगा उसे लोक संपर्क एवं मध्यस्ता अधिकारी नियुक्त करेगा, ताकि जनता से व अन्य विभागों से सीधा संपर्क बना रहे।
खतरा बने पेड़ों को काटने के लिए नहीं पैसा
खतरनाक पेड़ों को काटने के लिए निगम के पास बजट नहीं है। बैठक में उपायुक्त से निवेदन किया गया कि आपदा प्रबंधन बजट से धन राशि जारी की जाये, ताकि जान माल के नुकसान से बचा जा सकें। कुछ ही दिनों में बरसात शुरू होने वाली है। इससे पहले ही निगम को खतरा बने पेड़ों को काटना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App