किसानों का सबसे अच्छा दोस्त है यह सांप

By: Jun 21st, 2025 4:35 pm

सविता ठाकुर

सांप का नाम सुनते ही हमारे मन में डर पैदा हो जाता है, जो कि लाजिमी भी है, क्योंकि सांप का जहर जान भी ले लेता है। आजकल तो आए दिन लोगों को सांप मिलते रहते हैं। कभी सडक़ में चलते समय, तो कभी खेतों में काम करते समय और कभी-कभी तो सांप घरों में भी घुस जाते है। ऐसे में लोग सांप को हमेशा एक खतरनाक जीव ही मानते हैं, लेकिन ऐसा नहीं नहीं है, क्योंकि एक सांप ऐसा भी है, जिसे किसानों का दोस्त माना जाता है या यूं कहे कि यह सांप किसानों की फसलों का रक्षक होता है।

हम बात कर हर है रैट स्नेक की। रैट स्नेक को इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माना जाता है। किसानों के लिए यह सांप उनका सबसे अच्छा साथी है। चूहे किसानों की फसलों को बहुत नुकसान पहुंचाते हैं और रैट स्नेक चूहों का शिकार करता है, जिससे खेतों में चूहों की आबादी कम होती है। कुछ मिडिया रिपोट्र्स के मुताबिक सिर्फ एक दिन में ही रैट स्नेक 15 से 25 चूहों को खा सकता है। किसानों की फसल को होने वाले नुकसान को रोकने और चूहों द्वारा फैलाई जाने वाली बीमारियों को बढऩे से भी रैट स्नेक रोकता है। इनकी लंबाई 8 से 10 फुट तक हो सकती है।

सबसे खास बात यह है कि यह सांप विषैले नहीं होते, हालंकि रैट स्नेक की कुछ प्रजातियों में थोड़ा जहर होता है, लेकिन उसका प्रयोग वह अपने शिकार को वश में करने के लिए करते हैं। इसलिए इनके काटने से इंसान को कोई जान का खतरा नहीं होता है। ये सांप भारत और कुछ अन्य एशयाई देशों में भी पाए जाते हैं। बता दें कि रैट स्नेक कोलुब्रिड परिवार का हिस्सा हैं, जो कि सबसे बड़ा सांप परिवार है। कोलुब्रिड परिवार में सांपों की 1,000 से भी ज्यादा प्रजातियां हैं और रैट स्नेक भी इसी परिवार का एक हिस्सा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App