पद्धर-चुराह में बादल फटा, उफान पर स्वां नदी; घरों-खेतों-शोरूम में घुसा पानी, बड़सर में महिला बही

By: Jul 6th, 2025 11:11 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसूनी कहर के बीच रविवार को मंडी के पद्धर और चंबा के चुराह में दो जगह बादल फटा, वहीं ऊना में भारी बारिश के बाद स्वां नदी उफान पर आ गई और कई घरों, खेतों और शोरूमों में पानी घुस गया। वहीं, हमीरपुर में खड्ड में बहने से एक महिला की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदी की सबसे बड़ी त्रासदी का सामना कर रहे मंडी जिला के पद्धर की दुर्गम चौहारघाटी की ग्राम पंचायत शिल्हबधाणी के गांव कोरतंग में रविवार तडक़े करीब अढ़ाई बजे बादल फटने के बाद नाले में बाढ़ आई। गनीमत रही कि इस घटना से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, मगर तीन पैदल पुल तथा एक वाहन योग्य पुल बह गया। इसके अतिरिक्त गांव कोतरंग के लोगों की नाले के साथ लगती लगभग 50 बीघा निजी भूमि बाढ़ में बह गई। रविवार को मंडी की सांसद और अभिनेत्री कंगना रणौत ने सराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड, थुनाग और लंबाथाच का दौरा किया और बाढ़-भू-स्खलन से प्रभावित लोगों से मिलीं। वहीं, चंबा के चुराह में भी रविवार सुबह बादल फटा, जिससे कंगेला नाले में बाढ़ आने से नवनिर्मित पुल बह गया। पुल बहने से क्षेत्र की चार पंचायतों का शेष दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया। यह पुल दो साल पहले भी बाढ़ में बह चुका है।

पुल के बहने से लोक निर्माण विभाग को दो करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। उधर, ऊना जिला में रविवार सुबह भारी बारिश हुई, जिससे स्वां नदी उफान पर गा गई। ऊना के घालूवाल के झलेड़ा पुल के पास से इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप जलमग्न हो गया। झलेड़ा में गाड़ी के शोरूम में भी पानी भर गया। ऊना के धालूवाल में भी कई घरों में पानी भर गया। उधर, भारी बारिश के चलते हमीरपुर की शुक्र खड्ड में पानी का बहाव बढऩे से एक महिला बह गई। बताया जा रहा है कि पानी में बहने वाली किरण कुमारी (29) बिहार की रहने वाली थीं। वह वहीं क्रशर पर काम करती थी। जिस वक्त बाढ़ आई, वह घर के बाहर बर्तन धो रही थी।

दो दिन ऑरेंज अलर्ट, फिर दो दिन के लिए यलो

शिमला। हिमाचल में मानसून के बीच आया भारी बारिश का रेड अलर्ट रविवार को बिना बड़ी तबाही मचाए निकल गया और अब सात और आठ जुलाई को ऑरेंज अलर्ट है। इसके बाद नौ और 10 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 जुलाई से मौसम साफ होने की उम्मीद है।

283 सडक़ें, 241 बिजली ट्रांसफार्मर अब भी ठप

शिमला। प्रदेश भर में भारी बरसात और बादल फटने की घटनाओं के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार पूरे प्रदेश में अब भी 243 सडक़ें बंद हैं। इसके अलावा 241 बिजली के ट्रांसफार्मर और 278 पेयजल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App