दलाईलामा शांति-करुणा की मिसाल

उप मुख्यमंत्री बोले, बौद्ध धर्म गुरु के कारण धर्मशाला को मिली वैश्विक पहचान
स्टाफ रिपोर्टर – शिमला
तिब्बती समुदाय के आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में छोटा शिमला स्थित संभोटा तिब्बतन स्कूल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान तिब्बतियन स्कूल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने प्रारंपरिक पोषाकें भी पहनी थी। इस दौरान दलाई लामा के संदेशों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दलाई लामा को शांति, करुणा, एकता और मानवता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दलाई लामा का जीवन सत्य, अहिंसा और करुणा की प्रेरणादायक मिसाल है और वह केवल तिब्बती समुदाय के ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के मार्गदर्शक हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की धर्मशाला में उनका निवास प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
धर्मशाला को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने का श्रेय दलाई लामा को ही जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हर भारतीय को तिब्बती संस्कृति और इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि भारत और हिमाचल प्रदेश सरकार ने तिब्बती समुदाय के साथ सदैव स्नेह और भाईचारे का व्यवहार किया है और उन्हें यहां अनुकूल वातावरण मिला है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने तिब्बती समुदाय के हित में अनेक अहम फैसले लिए हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बौद्ध धर्म और दलाई लामा के प्रति गहरी आस्था विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि तिब्बती समुदाय को वोटिंग का अधिकार देना भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं की मिसाल है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश में आयोजित मेलों और उत्सवों में तिब्बती कलाकारों को अपनी संस्कृति के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
तिब्बती सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग को निर्देश दिए कि तिब्बती सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जाए। उन्होंने तिब्बती पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया।
बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियोंं से मोहा मन
कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय के लोगों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भारत-तिब्बत मैत्री संघ के अध्यक्ष प्रो. वीएस नेगी ने तिब्बती संस्कृति और इतिहास पर प्रकाश डाला। मुख्य प्रतिनिधि अधिकारी लखपा त्सेरिंग ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद शीनम कटारिया, एलटीए के अध्यक्ष तेनजिन, पूर्व महापौर राकेश शर्मा सहित कई अन्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App