यूएस आर्मी में लेफ्टिनेंट बने इंदौरा के अभिषेक

By: Jul 4th, 2025 10:49 pm

दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सेना में इतना बड़ा पद मिलने पर परिवार गदगद

गोवर्धन शर्मा — डमटाल

जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत गांव ठाकुरद्वारा के अभिषेक शर्मा ने अमरीकी सेना में लेफ्टिनेंट की उपाधि हासिल कर न केवल हिमाचल का नाम रोशन किया है, बल्कि भारतीयों की काबिलीयत का परचम भी फहराया है। अभिषेक के पिता राजेश कुमार शर्मा किसान हैं और अपनी कुछ दुकानें उन्होंने किराए पर दे रखी हैं, वहीं उनकी माता गृहिणी हैं। राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि उनके बेटे ने एचपीयू से एमएससी (साइकोलॉजी) की है और 2017 में वह प्राइवेट जॉब के लिए अमरीका गए थे। वहीं रहते हुए जब दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित यूएस आर्मी में पोस्ट निकलीं, तो अभिषेक ने भी अप्लाई कर दिया और उन्होंने परीक्षा पास भी कर ली। अब वह अमरीकी सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुए हैं, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है। अभिषेक को वहां दो करोड़ 40 लाख का सालाना पैकेज दिया जा रहा है। अभिषेक की इस उपलब्धि पर इंदौरा व मंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मंड क्षेत्र के समाजसेवी, सरकारी ठेकेदार और कांग्रेस नेता विजय कुमार शर्मा ने भी अपने भतीजे की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। वहीं स्थानीय पंचायत ठाकुरद्वारा के प्रधान गणेश चौधरी, बरोटा पंचायत के प्रधान, पराल पंचायत के पूर्व प्रधान केवल सिंह फ़ौजी, बकरारवां पंचायत की प्रधान रानी देवी, बसंतपुर पंचायत के प्रधान कुलदीप, उप प्रधान जोगिंदर सिंह, पूर्व समिति मेंबर सरदार महिंद्र सिंह व अन्य प्रतिनिधियों ने अभिषेक और उनके परिजनों को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App