प्याज एक, फायदे अनेक, आज ही अपनी डाइट में शामिल करें कच्चा प्याज

Health: प्याज एक ऐसी सब्जी जिसके बिना खाने का स्वाद ही नहीं लगता। प्याज को एक ओर जहां सब्जी में डालकर खाया जाता है तो वहीं, दूसरी और कुछ लोग सलाद के रूप में इसे कच्चा ही खाते हैं। हालांकि कुछ लोग कच्चे प्याज को खाने से परहेज करते हैं। इसके पीछे बड़ा कारण है मुंह से स्मेल आना। अगर आप भी कच्चे प्याज को खाने से परहेज कर रहे हैं तो शायद यह आपकी बड़ी भूल है। दरअसल कच्चा प्याज खाने से शरीर को जो स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं उनको जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे और आज से ही रोजाना अपनी डाइट में कच्चा प्याज खाना शुरू कर देंगे। तो चलिए आज हम आपको बताते हैं कि कच्चा प्याज खाने से शरीर को क्या क्या स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।
बता दें कि प्याज का आयुर्वेद में भी काफी महत्व है। प्याज को गरीबों की दवा भी कहा जाता है, क्योंकि यह आसानी से मिल जाता है और सस्ता भी होता है। प्याज खाना स्किन और बालों के लिए तो अच्छा है ही साथ में वात संबंधी रोगों में भी फायदेमंद माना गया है। प्याज शरीर की एनर्जी और ताकत को बढ़ाता है, इससे स्ट्रेस और जोड़ों के दर्द भी कम होता है।
आयुर्वेद के अनुसार प्याज के नियमित सेवन से भूख, पाचन शक्ति बेहतर होती है और पुरुषों में स्पर्म काउंट में भी सुधार होता है। प्याज का रस कान दर्द में फायदेमंद होता है। इसके अलावा खांसी, अस्थमा और स्दी में घी में भुना प्याज फायदेमंद है। नाक से हो रही ब्लीडिंग को रोकने में भी ताजा प्याज का रस मददगार होता है। प्याज को इम्यूनिटी बढ़ाने वाला भी माना गया है।
वहीं, आधुनिक सांइस के मुताबिक प्याज में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स, जैसे क्वेरसेटिन और सल्फर कंपाउंड, शरीर के लिए फायदेमंद हैं। दिल की बीमारियों को दूर करने लिए प्याज बहुद फायदेमंद है। प्याज ब्लड प्रेशर को कम करता है, इंफ्लेमेशन को घटाता है और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करता है, जिससे हार्ट हेल्दी बनता है। यहां तक कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के खतरे को कम करने में भी प्याज मददगार है। प्याज में मौजूद फ्लेवोनोइड्स कैंसर सेल्स के विकास को रोकते हैं। खासतौर पर कोलन और ब्रेस्ट कैंसर के लिए इसे फायदेमंद माना जाता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार प्याज के लाल रंग में पाए जाने वाले एंथोसाइनन कंपाउंड कैंसर से लड़ने में मददगार होते हैं। डायबिटीज के लिए भी प्याज फायदेमंद है, क्योंकि यह इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ाता है और लिवर में शुगर मेटाबॉलिज्म सुधारता है। पेट की हेल्त के लिए प्याज एक अच्छा प्रीबायोटिक माना जाता है। प्याज में पाए जाने वाले फाइबर गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं, जो पेट की दीवारों को मजबूत बनाते हैं, इंफ्लेमेशन को कम करते हैं और इम्यूनिटी बढ़ाते हैं।
प्याज हड्डियों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा प्याज में प्राकृतिक एंटीबायोटिक गुण होते हैं। इसमें पाया जाने वाला सल्फर कंपाउंड बैक्टीरिया को मारने में मदद करते हैं। वहीं, गर्मियों के मौसम में कच्चे प्याज का सेवन आपको लू से भी बचाता है। प्याज में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो गर्मियों में चलने वाली गर्म हवा और लू से बचाने में मदद कर सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App