40 साल के हुए रणवीर सिंह, इस फिल्म में किया था डेब्यू
मुंबई। बालीवुड के जानेमाने अभिनेता रणवीर सिंह आज 40 वर्ष के हो गए हैं। 06 जुलाई 1985 को मुंबई में जन्मे रणवीर सिंह बचपन के दिनों से ही अभिनेता बनने का ख्वाब देखा करते थे। रणवीर ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 2010 में प्रदर्शित यशराज बैनर तले बनी रोमांटिक फिल्म बैंड बाजा बारात से की। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किए गए। वर्ष 2012 में उन्हें एक बार फिर से यशराज फिल्मस की फिल्म लेडिज वर्सेज रिकी बहल में काम करने का अवसर मिला।हालांकि यह फिल्म टिकट खिडकी पर कुछ खास कमाल नही दिखा सकी। रणवीर की तीसरी फिल्म लुटेरा प्रदर्शित हुयी है।फिल्म ने टिकट खिड़की पर औसत सफलता हासिल की लेकिन उनका अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया।
वर्ष 2013 में रणवीर सिंह की एक और सुपरहिट फिल्म गोलियों की रासलीला रामलीला प्रदर्शित हुई। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर सिंह और दीपिका पादुकोण की केमेस्ट्री को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। वर्ष 2014 में रणवीर सिंह को एक बार फिर से यशराज बैनर तले बनी फिल्म गुंडे में काम करने का अवसर मिला। कोल माफियाओं के इर्द गिर्द घूमती इस फिल्म में रणवीर सिंह ने अपनी चॉकलेटी इमेज से अलग हटकर मवाली गुंडेकी भूमिका निभाई। फिल्म में उनका यह अंदाज दर्शकों को बेहद पसंद आया। फिल्म गुंडे टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई।
रणवीर सिंह की वर्ष 2015 में दिल धड़कने दो और बाजीराव मस्तानी जैसी हिट फिल्म प्रदर्शित हुईं है। बाजीराव मस्तानी के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। वर्ष 2018 में रणवीर सिंह की फिल्म ‘पद्मावत’ प्रदर्शित हुई जिसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ की कमाई की है। इसी वर्ष रणवीर की फिल्म ‘सिंबा’ भी प्रदर्शित हुई जिसने बॉक्स ऑफिस पर 240 करोड़ की कमाई की। इस वर्ष रणवीर ने दीपिका पादुकोण के साथ शादी कर ली। वर्ष 2019 में रणवीर की फिल्म ‘गली बॉय’ प्रदर्शित हुई। जोया अख्तर के निर्देशित इस फिल्म की कहानी मुंबई की सड़कों के रैपर्स की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में रणवीर रैपर की भूमिका में नजर आए। इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किए गए।
रणवीर सिंह ने वर्ष 2021 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म 83 में काम किया। इस फिल्म में रणवीर सिंह ने कपिलदेव का किरदार निभाया था। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। वर्ष 2022 में रणवीर सिंह की सर्कस और जयेशभाई जोरदार में काम किया लेकिन दोनों फिल्में सफल नहीं हुई। वर्ष 2023 में रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी प्रदर्शित हुई। रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म धुरंधर में काम कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App