नेहरू मैदान से सटे नाले का होगा सुधार

By: Jul 6th, 2025 12:59 am

खर्च होंगे 15 लाख रुपए नगर पंचायत ने जारी किया टेंडर
निजी संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ नगर पंचायत वार्ड नंबर चार में नेहरू मैदान से सटे नाले की सफाई और सुधार कार्य जल्द आरंभ करने जा रही है। इस परियोजना पर लगभग 15 लाख रुपए की लागत आएगी। कार्य का टेंडर पहले ही जारी कर दिया गया है। सोमवार को निर्माण कार्य ठेकेदार को आबंटित कर दिया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहनी ने बताया कि यह नाला कई वर्षों से पूरी तरह मिट्टी और मलबे से भर गया है, जिसके चलते भारी बारिश के समय जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान भी आधी रात को कई घरों और दुकानों में पानी भर गया था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

अब नाले की समुचित सफाई कर उसमें से दोनों ओर 20-20 मीटर तक और लगभग छह फुट गहराई तक मिट्टी निकाली जाएगी। यहां नया पुल बनाकर इसकी ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी, ताकि जल निकासी की क्षमता बेहतर हो सके। बजट की उपलब्धता अनुसार नाले के साथ-साथ एक एंबुलेंस मार्ग भी विकसित किया जाएगा। ज्योति साहनी ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत के लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखा गया था। इस पर सीएम ने उपायुक्त जिला सिरमौर को तत्त्काल बजट स्वीकृत करने के निर्देश दिए। बजट उपलब्ध होते ही अब कार्य की प्रक्रिया शुरू है। उन्होंने सीएम और डीसी का इसके लिए अभार भी जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App