प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद खनन सामग्री ले जाते पकड़े 12 ट्रक

चालकों पर बीएनएस की धारा व माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज, बंगाणा पुलिस ने नौ, टाहलीवाल ने दो व अंब ने एक ट्रक चालक के खिलाफ की कार्रवाई

सुधीर चौधरी – ऊना

आशु पुरी गोलीकांड के बाद जिला प्रशासन द्वारा खनन वाहनों पर लगाए गए समयबद्ध प्रतिबंध के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शाम 5 बजे से सुबह 10 बजे तक खनन सामग्री ले जाने पर लगी रोक की अवहेलना करते हुए 12 ट्रक चालक पकड़े गए, जिनके खिलाफ बीएनएस और माइनिंग एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। इनमें बंगाणा पुलिस थाना टीम ने कुल 9, अंब पुलिस ने एक व टाहलीवाल पुलिस ने दो वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई हैं। जानकारी के अनुसार पहले मामले में बंगाणा पुलिस थाना के तहत जोल पुलिस चौकी टीम ने जोल-तलमेहड़ा चौक पर नाकाबंदी के दौरान कुल चार ट्रकों को सांय पांच बजे के बाद रेत-बजरी ले जाते हुए पकड़ा है।


जिसमें दो ट्रक व तीन टिप्परों को रोक कर चैक किया गया तो उनमें रेत-बजरी लोड पाया गया। दूसरे मामले में बंगाणा पुलिस टीम ने डूमखर में नाकाबंदी के दौरान रात साढे 9 बजे चार ट्रकों में रेत/बजरी ले जाते हुए कपड़ा है। जिनमें खनन मेटीरियल को बिलासपुर व हमीरपुर जिलों में लेकर जाया जा रहा था। तीसरे मामले में अंब पुलिस टीम ने बणे दी हट्टी में नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक ट्रक गगरेट की तरफ से आया। जिसे जांच के लिए रोका गया तो उसमें खनन मटीरियल पाया गया। चौथे मामले में टाहलीवाल पुलिस ने टाहलीवाल में नाकाबंदी के दौरान दो टिप्परों को सांय पांच बजे के बाद खनन मटीरियल ले जाते हुए पकड़ा है। (एचडीएम)

प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद खनन सामग्री ले जाते 12 ट्रक चालकों के खिलाफ बीएनएस व माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक तय समय में ही खनन सामग्री की ढुलाई करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अमित यादव, एसपी ऊना

इन ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज

चालक सुरेंद्र कुमार निवासी दिव्हावानी (बिलासपुर), पंकज निवासी भगरेडी (हमीरपुर), मयंक शर्मा निवासी गुरयां (हमीरपुर), संदीप कुमार निवासी लोहारड़ा (हमीरपुर), प्रवीण कुमार निवासी सधरियान (हमीरपुर), नरेश कुमार निवासी घुमारपुर (बिलासपुर), संजीव कुमार निवासी मेहरे (हमीरपुर), सोहन लाल निवासी घघोटा (बिलासपुर), प्यार चंद निवासी कोट (हमीरपुर), सरवन कुमार निवासी रोहालकार (कांगड़ा), परमजीत सिंह निवासी बहडाला (ऊना) व निखिल भट्टी निवासी टटेहड़ा (ऊना) के खिलाफ बीएनएस व माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।

सांय 5 बजे से सुबह छह बजे तक खनन सामग्री ढुलाई पर है रोक

जिले में अब शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार की खनन गतिविधियां पूर्ण रूप से प्रतिबंधित की गई है। इसी अवधि में खनन से जुड़े वाहनों और सामग्री के परिवहन पर भी सख्त रोक लगाई गई है। खनन सामग्री ढुलाई के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही अनुमति होगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।