ढकरानी में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के साथ लगते ढकरानी क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई तीसरे दिन भी लगातार जारी है। यह अभियान पिछले रविवार से शुरू हुआ था, जिसमें शक्ति नहर किनारे बने अवैध कब्जों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग द्वारा कुल 111 अवैध निर्माणों को चिन्हित किया गया था। रविवार को 65 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
वहीं, सोमवार को 107 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला। मंगलवार को तीसरे दिन भी प्रशासन की कार्रवाई जारी रही और बचे हुए शेष अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का कार्य पूरा किया गया। इस दौरान प्रशासन का साफ कहना है कि विभागीय भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त करवाया जाएगा, किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डाकपत्थर से लेकर गुलाल तक फैले पूरे क्षेत्र में चिन्हित 111 अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस कार्रवाई को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।