साइबर कैफे की दुकान में भडक़ी आग

शहर के डियारा सेक्टर में हुई घटना, दो लाख के नुकसान का आकलन

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
शहर के डियारा सेक्टर में मंगलवार तडक़े साइबर कैफे की दुकान में अचानक आग लग गई। पता चलते ही दुकान मालिक के परिवार के सदस्यों और आसपड़ोस के लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस भी तुरंत पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में लगभग 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। डियारा सेक्टर में ऋषिराज की पत्नी दिनेश कुमारी साईबर कैफे की दुकान चलाती है।

मंगलवार तडक़े करीब 6 बजे बंद दुकान से धुआं निकलने लगा। परिवार के सदस्य दुकान के बगल में ही रहते हैं। धुआं देखकर उन्होंने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित करने के साथ ही उन्होंने आग बुझाने के प्रयास भी शुरू कर दिए। थोड़ी देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयासों से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दुकान में मौजूद कंप्यूटर, फोटोस्टेट मशीन, लेमिनेशन मशीन, स्टेशनरी, 2 काउंटर और मनियारी समेत कुछ अन्य सामान जल गया था। इस घटना में लगभग 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।