सालाना समारोह में विधायक रामकुमार चौधरी ने मेधावी छात्रों को बांटे ईनाम, स्मार्ट क्लासरूम बनाने के लिए 20 लाख देने का किया ऐलान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोदी माजरा में सालाना समारोह में विधायक रामकुमार चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करके शैक्षणिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। विधायक ने छात्रों को नशे से दूर रहने की नसीहत देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान के तहत उपमंडल स्तर पर जन-जागरण कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है और बद्दी, बरोटीवाला और चंडी के तीन स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होगा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और ऊंचा होगा। लोदी माजरा स्कूल को मिली सीएसआर सहायता का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 25 लाख की लागत से पांच नए कमरे बनकर तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने स्कूल में 20 लाख की लागत से स्मार्ट क्लासरूम बनाने की घोषणा की। साथ ही लोदी माजरा स्थित हरिजन बस्ती के लिए पांच लाख की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा भी की। कृषि क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों पर बात करते हुए विधायक ने बताया कि बसोला डैम सिंचाई योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोदी माजरा में 53 लाख की लागत से बीज कलेक्शन केंद्र स्थापित किया जाएगा और भूमि विभाग के नाम स्थानांतरण होते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में रंगारंग प्रस्तुतियां देने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विधायक ने अपनी अच्छी निधि से 20 हजार देने की घोषणा की।