कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पुलिस थाने के बाहर मंगलवार को माहौल उस समय गमगीन हो गया जब बिहार का मनोहर चार साल बाद अपनी पत्नी और बच्चों से मिला। पत्नी अपने पति को देखकर और बच्चों ने अपने पिता को देखकर जोर-जोर से रोने लगे, यह पल उस समय देखने को मिला जब पत्रकार व समाजसेवी संजय कंवर ने चार साल पहले अपने परिजनों से बिछड़े मनोहर को उनके सामने लाया। संजय कंवर शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कांटी मशवा गांव के रहने वाले हैं। बीते पांच साल से तकरीबन 90 लोगों को या तो सुरक्षित स्थान पर पहुंचा चुके हैं या फिर उनके परिजनों से मिलवा चुके हैं।
वो तकरीबन 50 लोगों को अपना घर आश्रम राजस्थान और रुडक़ी छोड़ चुके हैं जबकि कई लोगों को नाम पता पूछने के बाद उनके परिजनों से मिलवा चुके हैं। समाजसेवी संजय कंवर ने बताया कि 23 नवंबर की शाम को सतौन से एक फोन आया कि पांवटा साहिब की तरफ से एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति पांवटा साहिब से ही पैदल सतौन बस स्टैंड के पास पहुंचा है, जिसके बाद संजय कंवर सतौन पहुंचा और व्यक्ति को पहले खाने की व्यवस्था की। उसके बाद सतौन में ही ठहराया गया। 24 नवंबर की सुबह व्यक्ति का रेस्क्यू कर पांवटा साहिब लाया गया। व्यक्ति से बातचीत करने पर उसने अपना नाम मनोहर (50) पुत्र स्वर्गीय गारो रविदास गांव बहादुरपुर तहसील और जिला नालंदा बिहार बताया। इसके बाद संजय कंवर ने छानबीन करके नालंदा के एसपी का मोबाइल नंबर पता किया और उनसे डीएसपी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। उसके बाद उन्होंने ने उसके परिजनों को सुपुर्द किया और मनोहर को परिवार से मिलाया।