बरसात ने डराया, सर्दी से निपटने की कवायद तेज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
मंडी में सर्दी का आगमन होते ही प्रशासन हरकत में आ गया है। बरसाती आफत से निपटने के बाद अब पूरे जिला में सर्दी की दस्तक होते ही सरकारी मशीनरी में हलचल तेज हो गई है। मंडी और सुंदरनगर में बेघर को आश्रय मुहैया करवाने सहित ट्रैकिंग रूट बंद करने का मसौदा तैयार किया गया है। इसके अलावा हिम के आंचल में लिपटने वाले स्थानों पर राशन की खेप मुहैया करवाई गई है।

जिला प्रशासन मंडी ने शीतकालीन मौसम 2025-26 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की है। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में सडक़ बंद होने, बिजली और पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आपदा प्रतिक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग पूरी तैयारी रखें, पूर्व-तैयारी और प्रतिक्रिया व्यवस्था को दुरुस्त और सक्रिय बनाए रखें। उन्होंने सभी विभागों को तीन दिन के भीतर अपने नोडल अधिकारियों की अद्यतन सूची डीईओसी को भेजने के निर्देश दिए । उपायुक्त ने सभी एसडीएम को, विशेषकर मंडी और सुंदरनगर में, यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बेघर व्यक्ति ठंड में बिना आश्रय के न रहे।

पराशर-शिकारी देवी न जाएं
बैठक में पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों को निर्देश दिए कि मौसम संबंधी चेतावनी जारी होते ही कोई भी व्यक्ति पराशर, शिकारी देवी, शंकर देहरा, देवीदढ़ सहित अन्य ट्रैकिंग रूटों पर न जाए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जानकारी दी कि जिले के बर्फबारी संभावित क्षेत्रों की 84 उचित मूल्य दुकानों में से 50 दुकानों में पांच महीने का राशन पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य दुकानों में तीन महीने का भंडार उपलब्ध करवा दिया गया है। उपायुक्त ने इस कार्य को भी समय रहते पूरा कराने को कहा।