राधा कृष्ण डॉट मंडला बना आकर्षण का केंद्र, रूबी भटनागर ने तीन सप्ताह की साधना से तैयार किया दुर्लभ आर्ट वर्क
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में महासू आर्ट सोसायटी शिमला द्वारा मंगलवार को मंडला आर्टिस्ट रूबी भटनागर की पेंटिंग्स की सोलो प्रदर्शनी ‘सेक्रेड सर्कल्स’ का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर सोलन के डिप्टी कमिश्नर मनमोहन शर्मा (आईएएस) मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदर्शनी ‘सेक्रेड सर्कल्स’ में रूबी भटनागर के मंडला आर्टवर्क का एक शानदार कलेक्शन देखने को मिल रहा है, जिनकी कला भक्ति, ध्यान की लय और ज्योमेट्री को खूबसूरती से एक साथ जोड़ती है। आध्यात्मिकता और कला के अद्भुत संगम को दर्शाते हुए रूबी भटनागर ने 30 इंच का विशेष राधा-कृष्ण डॉट मंडल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस कलाकृति को कलाकार ने पूरी लगन के साथ तीन सप्ताह में बनाया है। यह कलाकृति सिर्फ ध्यान, ऊर्जा और चेतना का एक गहन माध्यम मानी जा रही है। गेयटी में सजा हर आर्टवर्क गहन फोक्स, शांति और माइंडफुलनेस का नतीजा है, जो कलाकार के इस विश्वास को दिखाता है कि कला इंसान के अंतर्मन को ईश्वर से जोड़ सकती है। हर मंडला में एक सोच और एक अभिव्यक्ति का समावेश है। प्रदर्शनी में मंडला के सभी रूप दिखाए गए हैं और हर एक मंडला थीम और तकनीक में अलग है। जिसमें पीकॉक मंडला, स्पिरिचुअल थीमैटिक मंडला, ऑर्नेट मंडला और बॉटनिकल डॉट मंडला शामिल है।
राधा-कृष्ण डॉट मंडल सबसे महत्वाकांक्षी मंडल
कलाकार रूबी भटनागर ने बताया कि बचपन से ही पेंटिंग करती है। मगर बीते चार साल में मंडला आर्ट में काम कर रही है। राधा-कृष्ण डॉट मंडल सबसे महत्वाकांक्षी मंडल है। इस कला के प्रति बेदह जुनूनी थी। इसलिए लगातार काम कर रही थी। इसे पूरा करने में तीन सप्ताह का समय लगा। मंडला शब्द संस्कृत से आया है, जिसका अर्थ है वृत्त। यह पूर्णता, एकता और ब्रह्मांड के साथ जुड़ाव का प्रतीक है। जब मंडला बनाती हूं, हर चिन्ह, हर बिंदू, हर वृत मेरे ध्यान और ऊर्जा का हिस्सा होता है। मुख्यातिथि मनमोहन शर्मा ने महासू आर्ट सोसायटी शिमला के उन प्रयासों की सराहना की और साथ ही कलाकार रूबी भटनागर के आर्ट की भी प्रशंसा की। क्यूरेटर डाक्टर भादर सिंह, संस्थापक, महासू आर्ट सोसायटी शिमला ने प्रदर्शनी की दृष्टि पर प्रकाश डाला। उन्होंने रूबी की कृतियों में निहित चितनशील संवेदना, सूक्ष्म शिल्प कौशल और उस ध्यान पूर्ण दृश्य अनुभव की प्रशंसा की। प्रदर्शनी 27 नवंबर आयोजित की जा रही है।