दूसरी मंजिल पर चढ़ गया बैल

डाडासीबा में एक घंटे की मशक्कत के बाद दुकान से उतारा

स्टाफ रिपोर्टर -गरली
डाडासीबा बाजार में मंगलवार को तालाब के पास एक दुकान की दूसरी मंजिल की छत पर अचानक एक बैल पहुंच गया। ऊपर खड़े बैल को देखकर दुकानदार सन्न रह गए और लोगों का हुजूम मौके पर उमड़ पड़ा। दुकान की छत पर चढ़ा बैल नीचे उतरने से साफ इंकार कर रहा था। दुकानदारों ने तरह-तरह के जतन किए, लेकिन नतीजा शून्य ही निकला।

हालात बिगड़ते देख दमकल विभाग को फोन किया गया। टीम बैल को नीचे उतारने में जुट गई। करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। दमकल जवानों ने जोखिम उठाते हुए बैल को पौडिय़ों से धीरे-धीरे नीचे उतारा। क्योंकि जरा सी चूक किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती थी। आखिरकार दमकल टीम की सूझबूझ से बैल सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस रोमांचक और चौंकाने वाले मंजर देखने के देखने के लिए पूरा बाजार जुट गया । डाडासीबा फायर चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी। कड़ी मशक्कत के बाद बैल को दूसरी मंजि़ल से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। दमकल विभाग की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई से लोगों की राहत मिली।