कंसा खेल मैदान को बचाने के लिए ग्रामीणों की हुंकार, 29 को डीसी से होगी बैठक
नगर संवाददाता- नेरचौक
ऐतिहासिक कंसा खेल मैदान के वजूद को बचाने के लिए मंगलवार को कंसा में एक विशाल बैठक का आयोजन किया गया,जिसमें पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी,विधायक इंद्र सिंह गांधी,एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया तथा कंसा,स्यांह, डडौर व आसपास के सैकड़ो ग्रामीणों ने भाग लिया। निजी स्कूल द्वारा खड्ड के बीचोंबीच दी जा रही दीवार से कंसा खेल मैदान तथा इसके साथ लगते स्यांह व टांवा गांवों के अस्तित्व को खतरा होने के चलते बचाने के लिए इस बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में उपस्थितजनों ने अपने-अपने स्तर पर सरकार प्रशासन और डीएवी प्रशासन से कंसा मैदान को बचाने का निर्णय लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि इसी मामले को लेकर 29 नवंबर दोपहर बाद कंसा मैदान में एक विशाल बैठक की जाएगी,जिसमें जिलाधीश मंडी,एसडीएम बल्ह,बीडीओ बल्ह,वन विभाग के अधिकारियों सहित डीएवी प्रशासन को भी बुलाया जाएगा तथा जनहित के इस मुद्दे का मौके पर समाधान निकाला जाएगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे अपनी अस्तित्व की लड़ाई के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। बैठक में उपस्थित स्थानीय पंचयत उपप्रधान ओमप्रकाश, कांग्रेस नेता अश्वनी सैणी, भाजपा नेता अनिल सैणी,पूर्व प्रधान एवं पूर्व पार्षद आलम राम, भवानी आजाद, कुलदीप ठाकुर, ऋ षभ शर्मा, रामचंद्र सैणी, देवेंद्र सेन,विजय सेन व अन्य उपस्थित लोगों का कहना है कि किसी भी सूरत में खड्ड के बीच में सुरक्षा दिवार लगाने का कार्य नहीं करने दिया जाएगा।
खड्ड में दीवार लगाना बिल्कुल भी न्याय उचित नहीं है। न्यायालय आदेशों के मुताबिक अगर कार्य हो रहा है तो स्थिति की वास्तविकता को देखते हुए शासन प्रशासन को जन हित को ध्यान में रखकर कार्य करना चाहिए। जिससे मैदान भी बचा रहे और खड्ड का वास्तविक स्वरूप भी बरकरार रहे। यदि स्कूल प्रशासन इसकी अनदेखी करता है तो नियमों को दरकिनार दी गई लीज को कैंसिल करने की मांग सरकार से की जाएगी।
इंद्र सिंह गांधी, विधायक बल्ह
उस समय की पंचायत द्वारा भूमि लीज के आवेदन के लिए दी गई एनओसी बिल्कुल ही गलत निर्णय था। बाकी खड्ड की भूमि को नियमों की अवहेलना कर लीज पर दिया गया है,जिसको लेकर सर्वोच्च न्यायलय में याचिका दायर की जाएगी। गांव व ऐतिहासिक कसा मैदान को बचाने के लिए किसी सूरत में खड्ड में दिवार का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री