पांवटा का खेल मैदान अब नहीं बनेगा पार्किंग अड्डा

एसडीएम द्विज गोयल के हस्तक्षेप के बाद मैदान में वाहनों की एंट्री पर रोक, खिलाडिय़ों और अभिभावकों ने जताई खुशी

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान पिछले कई महीनों से पार्किंग स्थल में तबदील हो गया था। शाम होते ही मैदान दोपहिया और चारपहिया वाहनों से भर जाता था, जिससे बच्चों और खिलाडिय़ों को अभ्यास के लिए जगह नहीं मिल रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले यह मैदान सुबह-शाम बच्चों की खेल गतिविधियों और खिलाडिय़ों के अभ्यास से गुलजार रहता था।

क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स की नियमित प्रैक्टिस होती थी, लेकिन हाल के महीनों में आसपास के दुकानदारों और कार्यालयों में आने वाले लोगों ने इसे मुफ्त पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इससे खेल गतिविधियां लगभग ठप हो गई थीं। शिकायतों के बाद एसडीएम द्विज गोयल ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस, नगर परिषद और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। नई व्यवस्था के तहत कुछ वाहनों को पुलिस ग्राउंड में तथा अन्य को निर्धारित स्थानों पर पार्क किया जाएगा। खेल मैदान के भीतर वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए बैरिकेडिंग और सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इस निर्णय का खिलाडिय़ों, कोचों और अभिभावकों ने स्वागत किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मैदान की मरम्मत और घास लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि खेल गतिविधियां फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सकें।