सुंदरनगर में 30 वर्षीय युवक लापता, मसोह पुल के पास BBMB नहर में छलांग लगाने की आशंका
गगन शर्मा—सुंदरनगर
सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत खतरवाड़ी से एक 30 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। मामले में सुंदरनगर के धनोटू-बग्गी संपर्क मार्ग पर स्थित मसोह पुल के समीप बीबीएमबी नहर में किसी व्यक्ति द्वारा दोपहर बाद नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने आशंका के मद्देनजर संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू कर दिया है। लापता युवक की पहचान आशीष कुमार (30) पुत्र दया राम निवासी गांव खतरवाड़ी, डाकघर अप्पर बेहली, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष कुमार अविवाहित है और सोमवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद घर से अचानक लापता हो गया था।
परिजनों ने युवक की हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। इसी दौरान कुछ राहगीरों ने धनोटू-बग्गी सडक़ के किनारे बीबीएमबी नहर में मसोह पुल के पास किसी व्यक्ति के नहर में छलांग लगाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए स्थान से आगे एनडीआरएफ की टीम की सहायता से नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल पुलिस केवल प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के आधार पर आशंका के मद्देनजर सर्च अभियान चला रही है। नहर में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि खतरवाड़ी निवासी एक युवक के लापता होने तथा बीबीएमबी नहर के मसोह पुल के पास किसी के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
