320 माताओं ने महानाटी से दिया नशामुक्त हिमाचल का संदेश

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के दूसरे दिन ‘मदर्स अंगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर पेश की महनाटी, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक धुनों के साथ गूंजी तालियों की गडग़ड़ाहट

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के दूसरे दिन रिज मैदान पर उस समय भावनात्मक और सामाजिक चेतना का अनूठा संगम देखने को मिला जब 320 से अधिक महिलाओं ने एक साथ महानाटी प्रस्तुत कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। मां थीम (मदर्स अगेंस्ट ड्रग्स) पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने न केवल पर्यटकों और स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ एक सशक्त जनजागरण अभियान का रूप भी ले लिया।

शिमला पुलिस सहायता कक्ष के समक्ष आयोजित महानाटी में जिला शिमला के विभिन्न आईसीडीएस खंडों से आई महिलाओं ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में भाग लेकर प्रदेश की लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। जैसे ही ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक धुनों पर महिलाओं ने नाटी शुरू की, पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कई पर्यटक और स्थानीय लोग भी इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर नाटी का आनंद लेते नजर आए।

प्रतिभागी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने महिलाओं को ‘मां का संकल्प-समाज का संकल्प’ विषय पर शपथ दिलाई। उन्होंने महिलाओं से नशे, विशेषकर चिट्टे, घरेलू हिंसा तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले हर प्रकार के दुव्र्यवहार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी 320 प्रतिभागी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। महिलाओं ने महानाटी के दौरान प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। हर मां की यही पुकार-नशा और अत्याचार से इंकार, मां की ममता का यही संदेश-नशे से दूर रहे प्रदेश, चिट्टा छोड़ो, संस्कार जोड़ो और हर मां की यही पुकार-बेटी पर हिंसा नहीं स्वीकार जैसे नारों ने पूरे वातावरण को सामाजिक चेतना के रंग में रंग दिया। ग्रीष्मोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर आयोजित यह महानाटी केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं रही, बल्कि नशे और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मातृशक्ति की सामूहिक हुंकार बनकर उभरी। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि मां संकल्प ले ले, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App