नालागढ़ के 40 पंचायत समिति सदस्यों ने ली गोपनीयता की शपथ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
खंड विकास नालागढ़ के अंतर्गत नवनिर्वाचित 40 पंचायत समिति सदस्यों को शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया ने की। समारोह में विधायक हरदीप सिंह बावा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और ग्रामीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस अवसर पर नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य संचालित किए जाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ करते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय योगदान देंगे। समारोह में नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक के एल ठाकुर, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।