15 जून को सजेगा शपथ का महामंच, बहुतकनीकी कालेज में मंत्री यादविंद्र गोमा दिलाएंगे शपथ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
जिला हमीरपुर की सभी 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह 15 जून को बहुतकनीकी कालेज बड़ू के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा करेंगे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने गुरुवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने कहा कि इस समारोह में कुल 484 प्रधानों-उपप्रधानों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए आयोजन स्थल पर सभी के बैठने की व्यवस्था के अलावा भोजन, पेयजल, शौचालय, वाहनों की पार्किंग और अन्य सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। सभागार में सभी 6 विकास खंडों के जनप्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे।
उपायुक्त ने प्रत्येक ब्लॉक के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रधानों-उपप्रधानों को आयोजन स्थल पर पहुंचाने के लिए जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय और सभी बीडीओ कार्यालय आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों के लिए अगर बसों की आवश्यकता है, तो उसकी डिमांड तुरंत भेजें। सभी पंचायत प्रधानों-उपप्रधानों को 11 बजे तक सभागार में बिठाना सुनिश्चित करें बैठक में सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
महाबैठक में जुटे हमीरपुर के दिग्गज अफसर
नगर निगम हमीरपुर अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा, डीएसपी नितिन चौहान, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।