साई रोड पर अवैध कब्जों का जाल

बैंकों तक पहुंचना हुआ मुश्किल; सरकारी पाॄकगों पर रेहड़ी-फड़ी वालों का कब्जा, नगर निगम की कार्रवाई फिर ठंडी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की साई रोड पर बढ़ते अवैध कब्जों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालत यह है कि अब भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक जैसे प्रमुख बैंकों तक पहुंचना भी लोगों के लिए चुनौती बन चुका है। सरकारी पाॄकगों और सडक़ों पर रेहड़ी-फड़ी वालों के कब्जे के कारण ग्राहकों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मुख्यमंत्री के दून दौरे के दौरान नगर निगम बद्दी ने साई रोड और सरकारी पाॄकगों से अवैध कब्जे हटाने का दावा किया था। कुछ दिनों तक कार्रवाई भी हुई, लेकिन अब स्थिति फिर पहले जैसी होती नजर आ रही है। खासकर स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बनी सरकारी पाॄकगों पर अवैध रेहडिय़ों का लगभग पूरा कब्जा हो चुका है।

स्थिति यह है कि बैंक के मुख्य गेट तक पहुंचने के लिए लोगों को भीड़ और अव्यवस्था के बीच रास्ता बनाकर गुजरना पड़ रहा है। कई स्थानों पर रेहड़ी संचालकों ने अपने कब्जे को स्थायी रूप देने के लिए एंगल और चैनल लगाकर घेराबंदी तक कर दी है। वहीं कुछ लोग अपने वाहन सडक़ किनारे खड़े कर बैंक के अंदर चले जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों की परेशानी और बढ़ जाती है। पुराने बस स्टैंड से लेकर वर्धमान चौक तक सडक़ के दोनों ओर भी अवैध कब्जे लगातार बढ़ रहे हैं। सडक़ किनारे रेहड़ी-फड़ी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई जगह जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की अवैध कब्जे हटाने की मुहिम अब पूरी तरह ठंडी पड़ चुकी है। रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष एसके अत्री और सचिव सतीश ढुंडवा ने कहा कि क्लब की ओर से कई बार नगर निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

अधिकारी के बोल

नगर निगम बद्दी के संयुक्त आयुक्त अंकुर ठाकुर ने कहा कि निगम इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस के सहयोग से जल्द ही बद्दी शहर में विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि सरकारी पाॄकगों और सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।