चढिय़ार अस्पताल में डाक्टरों की भारी कमी

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से तत्काल नियुक्ति की उठाई मांग
कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
स्वास्थ्य खंड महाकाल के अंतर्गत आने वाले सिविल अस्पताल चढिय़ार में चिकित्सकों की गंभीर कमी का मामला अब मुख्यमंत्री के दरबार तक पहुंच गया है। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट कर अस्पताल में रिक्त पड़े चिकित्सा अधिकारियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। अनुराग शर्मा ने मुख्य मंत्री के ध्यान में लाया कि सिविल अस्पताल चढिय़ार में चिकित्सा अधिकारियों के कुल छह स्वीकृत पद हैं, लेकिन वर्तमान में पांच पद खाली पड़े हुए हैं और केवल एक डाक्टर ही पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का भार संभाल रहा है। इससे मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों तथा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डाक्टरों की कमी के कारण मरीजों के उपचार में देरी हो रही है तथा लोगों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए सिविल अस्पताल चढिय़ार में रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए और पर्याप्त संख्या में चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे पूर्व बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने भी मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह से भेंट कर धार इलाके चढिय़ार के अस्पताल में डाक्टर व स्टाफ की कमी बारे अवगत करवा कर स्टाफ की कमी को दूर करने बारे गुहार लगाई थी।