मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री सोनम कपूर आज 41 वर्ष की हो गई हैं। नौ जून, 1985 को मुंबई में जन्मीं सोनम कपूर अभिनेता अनिल कपूर की पुत्री हैं। फिल्मी माहौल में पली-बढ़ी सोनम का रुझान शुरू से ही सिनेमा की ओर रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ब्लैक (2005) से की। सोनम कपूर ने वर्ष 2007 में प्रदर्शित सांवरिया से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म से रणबीर कपूर ने भी अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन सोनम ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म दिल्ली-6 (2009) में अभिनय किया।
फिल्म को व्यावसायिक सफलता नहीं मिली, लेकिन सोनम के अभिनय को सराहा गया। वर्ष 2013 सोनम कपूर के करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। इस वर्ष उनकी रांझणा और भाग मिल्खा भाग जैसी सफल फिल्में प्रदर्शित हुईं। वर्ष 2015 में रिलीज हुई प्रेम रतन धन पायो में उन्होंने सलमान खान के साथ काम किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। इसके बाद सोनम कपूर ने नीरजा में एयर होस्टेस नीरजा भनोट की भूमिका निभाई। यह फिल्म उनके करियर की सबसे प्रशंसित फिल्मों में गिनी जाती है। वर्ष 2018 में सोनम कपूर पैडमैन और संजू जैसी सफल फिल्मों में नजर आईं। इसी वर्ष उन्होंने दिल्ली के उद्योगपति आनंद आहूजा से विवाह किया। शादी के चार वर्ष बाद उन्होंने अपने पुत्र वायु को जन्म दिया। वर्ष 2009 में सोनम कपूर को लॉरियल का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। वर्ष 2023 में वह ब्लाइंड में नजर आईं। वर्तमान में सोनम कपूर अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना पसंद करती हैं।