51 वर्ष की हुईं अमीषा पटेल, हिट फिल्म से शुरू हुआ कैरियर

By: Jun 9th, 2026 2:20 pm

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री अमीषा पटेल आज 51 वर्ष की हो गईं। नौ जून, 1975 को मुंबई में जन्मी अमीषा पटेल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 2000 में प्रदर्शित कहो ना प्यार है से की थी। राकेश रोशन निर्मित-निर्देशित इस फिल्म से ऋतिक रोशन ने भी बतौर अभिनेता अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्मों में आने से पहले अमीषा ने रंगमंच पर काम किया और सत्यदेव दुबे के थिएटर समूह से अभिनय की बारीकियां सीखीं। उन्होंने तनवीर खान द्वारा लिखित उर्दू नाटक नीलम में भी अभिनय किया। बाद में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में भी कदम रखा। वर्ष 2001 में अमीषा ने सनी देओल के साथ गदर: एक प्रेम कथा में काम किया।

फिल्म में उनके दमदार अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा तथा उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन मिला। वर्ष 2002 में प्रदर्शित हमराज में अमीषा ने अपने अभिनय का एक अलग रूप प्रस्तुत किया। इस फिल्म के लिए भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। इसके बाद उन्होंने यह है जलवा, परवाना, ऐलान, जमीर और वादा जैसी फिल्मों में अभिनय किया। वर्ष 2005 में अमीषा को आमिर खान के साथ मंगल पांडे: दि राइजिंग में काम करने का अवसर मिला। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी। वर्ष 2007 में प्रदर्शित हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड उनके करियर की सफल फिल्मों में शामिल रही। इसके बाद उन्होंने भूल भुलैया और रेस 2 जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी अभिनय किया। अमीषा पटेल ने हिंदी सिनेमा के अलावा तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2023 में उन्होंने गदर 2 के जरिए सफल वापसी की। यह फिल्म उनकी सुपरहिट फिल्म गदर: एक प्रेम कथा का सीक्वल थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App