अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड प्रदर्शन, तीन विकेट झटके, नाबाद 66 रन बनाकर टीम को दिलाई जीत

मुंबई। अर्जुन तेंदुलकर के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन और मुशीर की फिफ्टी की बदौलत एआरसीएस अंधेरी ने नुवामा प्राइवेट टी 20 मुंबई लीग 2026 में नौ विकेट से बड़ी जीत हासिल की। सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में, अर्जुन तेंदुलकर ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया और एआरसीएस अंधेरी को बांद्रा ब्लास्टर्स पर नौ विकेट से शानदार जीत दिलाई। इस ऑल-राउंडर ने पहले तीन ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए (जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था) और बांद्रा ब्लास्टर्स को 144/9 के स्कोर पर रोकने में मदद की। इसके बाद, उन्होंने शानदार तरीके से लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा।

145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एआरसीएस अंधेरी ने दिव्यांश सक्सेना (26) का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन अर्जुन और मुशीर खान ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 116 रन की साझेदारी की; अर्जुन ने 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए और मुशीर ने 38 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। उनकी आक्रामक साझेदारी ने सुनिश्चित किया कि एआरसीएस अँधेरी ने नौ विकेट और 37 गेंदें बाकी रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और एक बड़ी जीत दर्ज की।

संक्षिप्त स्कोर: बांद्रा ब्लास्टर्स 20 ओवर में 144/9 (ओम केशकामट 49, सागर छाब्रिया 44; अर्जुन तेंदुलकर 3/11, प्रसून सिंह 2/12) को एआरसीएस अँधेरी ने 13.5 ओवर में 148/1 (अर्जुन तेंदुलकर नाबाद 66, मुशीर खान नाबाद 54) से नौ विकेट से हराया।