जम्मू-कश्मीर के बारामूला में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद, उरी का वकील अहमद गिरफ्तार

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षाबलों ने एक वाहन से विदेशी पिस्तौल बरामद की और अवैध हथियार तस्करी को नाकाम कर दिया। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। जांच के दौरान पुलिस ने एक और पिस्तौल, मैगज़ीन और कारतूस बरामद किये। पुलिस ने बताया कि सात जून को बारामूला पुलिस और सेना की 52वीं राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने चंदसुमा, कनिस्पोरा में एक मोबाइल वाहन जांच केंद्र स्थापित किया और श्रीनगर से बारामूला जा रहे एक वाहन को रोककर उसकी जांच की। वाहन की तलाशी के दौरान, पुलिस ने सहयात्री के बैग से तुर्की निर्मित एक पिस्तौल बरामद की। आरोपी की पहचान उरी के कमालकोट निवासी वकील अहमद थीकरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा, “आरोपी ने हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या कानूनी अनुमति पत्र प्रस्तुत करने में विफल रहा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चालक सहयात्री को लेकर जा रहा था, लेकिन उसे हथियार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।” बारामूला पुलिस स्टेशन में शस्त्र अधिनियम की धारा 7/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। हथियार जब्त कर उसके स्रोत, इच्छित उपयोग और संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान और गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बारामूला पुलिस ने सोमवार को कलसी हरदू, कमालकोट, उरी में तलाशी अभियान चलाया।पुलिस ने बताया कि इस तलाशी अभियान को एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट, स्थानीय लंबरदार और चौकीदार की उपस्थिति में चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चीन निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 13 कारतूस जब्त किया। पुलिस ने कहा कि ताजा बरामदगी एक बड़े अवैध हथियार नेटवर्क की ओर इशारा करती है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच में इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और हथियारों एवं गोला-बारूद के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।