उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री बोले; जल्द होंगी शुरू, विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण
दिव्य हिमाचल ब्यूरो,ऊना
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग 12.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हरोली कॉलेज भवन का दौरा कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए तथा बीएससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। वहीं बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध होगी। कॉलेज में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीएससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल) सहित एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास एवं हिंदी विषयों में एमए. की पढ़ाई करवाई जा रही है। आधुनिक स्टेज, ओपन जिम, वॉलीबॉल-बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे कालेज के छात्रों को लाभ मिलेगा।