बैजनाथ का बग्गीधार जंगल दहका

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

तेज हवाओं से आग ने लिया विकराल रूप, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
बैजनाथ के साथ लगते बग्गीधार के जंगल में सोमवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेने लगी। रात को खौफनाक मंजर देखने को मिला। आग लगने की सूचना मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस के युवा अध्यक्ष अतुल चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वन विभाग के खंड परिक्षेत्र अधिकारी संजीव कुमार एवं वन कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने के अभियान में जुट गए।

घंटों की कड़ी मशक्कत, सूझबूझ और सामूहिक प्रयासों के बाद देर रात तक आग पर काबू पा लिया गया। अतुल चौधरी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे तक अपनी टीम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। आग बुझाने के प्रयासों के चलते सैकड़ों पेड़-पौधों तथा वन्य जीवों को बचाया जा सका। हालांकि बुधवार सुबह फिर से जंगल के कुछ हिस्सों में आग भडक़ने की सूचना मिली। उन्होंने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्त्व द्वारा दोबारा आग लगाई गई हो सकती है। दिन के समय आग पर नियंत्रण पाना काफी कठिन होता है, लेकिन शाम होते ही उनकी टीम फिर से घटनास्थल पर पहुंचकर वन विभाग के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा जंगलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उधर वन विभाग के अधिकारी संदीप कुमार का कहना है कि दो टीमें वन कर्मियों की आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं। भीषण गर्मी के कारण आग जल्द फैल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App