सीमेंट से लदा ट्रक बेकाबू, दीवार और गेट तोड़ा

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
ऊना-तलवाड़ा सडक़ मार्ग पर गांव चलेट में सीमेंट से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे स्थित एक मकान की चारदीवारी और मुख्य गेट को तोड़ता हुआ पैरापिट से टकराकर रुक गया। राहत की बात यह रही कि घटना मध्यरात्रि के समय हुई, जिसके चलते सडक़ पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था और न ही मकान के सदस्य इसकी चपेट में आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार सीमेंट लेकर तलवाड़ा की ओर जा रहे ट्रक चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सडक़ से उतरकर सीधे मकान की दीवार से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार और गेट क्षतिग्रस्त हो गए तथा ट्रक का एक हिस्सा धंस जाने से वाहन मकान की ओर झुक गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।उधर, जोरदार धमाके की आवाज सुनकर मकान मालिक और परिजन नींद से जाग गए। उन्होंने बाहर निकलकर सबसे पहले ट्रक चालक का कुशलक्षेम जाना और बाद में स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को मकान की ओर गिरने से रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर सहारा लगाया गया। वहीं, चौकी प्रभारी एसआई रविपाल ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी रजामंदी होने की जानकारी है और पुलिस के पास किसी ने कोई भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।