प्योंगयांग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने मंगलवार को इस बात पर सहमति जतायी कि दोनों देश अपनी पारंपरिक दोस्ती को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाएंगे। चीन- उत्तर कोरिया फ्रेंडशिप टॉवर पर किम और जिनपिंग ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दोनों नेताओं ने कहा कि 1950 के दशक में जब चीन और उत्तर कोरिया ने मिलकर युद्ध लड़ा था, वह समय दोनों देशों की साझा और कभी न भूलने वाली याद का हिस्सा है।
इस दोस्ती को और मजबूत करने के लिए शी जिनपिंग और किम जोंग उन ने ‘अमरीकी आक्रामकता के विरोध’ वाले भावना को जिंदा रखने और युवाओं को इसकी शिक्षा देने का साझा संकल्प लिया है। इससे पहले चीन के राष्ट्रपति पत्नी पेंग लियुआन के साथ प्योंगयांग स्थित ‘चीन-उत्तर कोरिया फ्रेंडशिप टॉवर’ पहुंचे और चीनी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर किम और उनकी पत्नी री सोल जू भी उनके साथ दिखीं।
इस यात्रा के दौरान शी जिनपिंग ने किम जोंग उन के साथ वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया के सेंट्रल कैडर्स ट्रेनिंग स्कूल का भी दौरा किया, जहां दोनों नेताओं ने मिलकर देवदार का एक पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि यह पेड़ चीन और उत्तर कोरिया के बीच कभी न खत्म होने वाली और हमेशा मजबूत रहने वाली दोस्ती का प्रतीक है।