कांग्रेस समर्थित रेणु रानी बनीं वाइस चेयरपर्सन, गुप्त मतदान में दोनों को मिला बहुमत, विजय के बाद जश्न में डूबे कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थकों ने दी बधाई
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
नगर पंचायत दौलतपुर चौक में गुरुवार को चेयरपर्सन एवं वाइस चेयरपर्सन पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित वार्ड नंबर-2 की पार्षद अरुणा रानी ने जीत दर्ज कर चेयरपर्सन की कुर्सी हासिल कर ली, जबकि कांग्रेस समर्थित वार्ड नंबर-7 की पार्षद रेणु रानी वाइस चेयरपर्सन निर्वाचित हुईं। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम की अध्यक्षता में नगर पंचायत के बैठक कक्ष में संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर पंचायत सचिव बलदेव सिंह ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता अंकुश कौशल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। चुनाव में सभी सातों निर्वाचित पार्षदों की उपस्थिति से कोरम पूरा रहा। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित चेयरपर्सन पद के लिए वार्ड नंबर-2 की अरुणा रानी और वार्ड नंबर-6 की निर्मला देवी ने नामांकन दाखिल किया। वहीं वाइस चेयरपर्सन पद के लिए वार्ड नंबर-7 की रेणु रानी और वार्ड नंबर-1 के भाजपा समर्थित पार्षद रजनीश कुमार ने नामांकन भरा। किसी भी उम्मीदवार द्वारा नामांकन वापस नहीं लेने पर प्रशासन की ओर से सीक्रेट कंपार्टमेंट में मतदान करवाया गया।
इसमें अरुणा रानी को सात में से चार मत प्राप्त हुए और उन्होंने चेयरपर्सन पद पर कब्जा जमाया। इसके बाद हुए वाइस चेयरपर्सन पद के चुनाव में रेणु रानी को भी सात में से चार मत प्राप्त हुएऔर उन्हें विजयी घोषित किया गया। नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद विधायक राकेश कालिया नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और नवनिर्वाचित चेयरपर्सन अरुणा रानी तथा वाइस चेयरपर्सन रेणु रानी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत दौलतपुर चौक में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत गगरेट क्षेत्र में पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है।परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाचते-गाते हुए पटाखे फोडक़र जीत का जश्न मनाया। इस दौरान विधायक राकेश कालिया स्वयं मौके पर पहुंचे और नवनिर्वाचित चेयरपर्सन अरुणा रानी एवं वाइस चेयरपर्सन रेणु रानी को बधाई एवम आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनायें देते हुए इसे गगरेट क्षेत्र में कांग्रेस की बड़ी जीत बताया।इस अवसर पर कांग्रेसी नेता विजय ठाकुर, कैप्टन गुरमीत सिंह, पूर्व पार्षद कैलाश कुमार (बिल्ला), पूर्व पार्षद चिंटू इत्यादि उपस्थित रहे। वहीं बधाइयों का तांता लग रहा है और समर्थक उन्हें लगातार बधाई संदेश भेज रहे हैं।
एक वोट का महत्व
लोकतंत्र में एक एक वोट का महत्व होता है।नगर पंचायत दौलतपुर चौक के चुनावों में एक-एक वोट का महत्व साफ देखने को मिला। वार्ड नंबर-7 से रेणु रानी ने पार्षद का चुनाव मात्र एक वोट के अंतर से जीता था और अब वाइस चेयरपर्सन की कुर्सी तक भी उन्होंने एक वोट के अंतर से ही पहुंच बनाई। वहीं चेयरपर्सन पद पर निर्वाचित अरुणा रानी ने भी अपनी प्रतिद्वंद्वी को एक वोट के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की।