राज्यसभा के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, आपराधिक केस छिपाने का आरोप

By: Jun 10th, 2026 12:08 am

आपराधिक केस छिपाने का आरोप, तीसरी सीट भी भाजपा को मिलना तय

एजेंसियां — भोपाल

मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रिटर्निंग अफसर द्वारा निरस्त कर दिया गया। इसके बाद राज्यसभा की तीसरी सीट का चुनावी समीकरण बदल गया है और भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना मजबूत हो गई है। दरअसल राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने शपथ पत्र में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आपराधिक प्रकरण की जानकारी नहीं दी है। इसी आधार पर भाजपा ने उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की थी। वहीं कांग्रेस का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पार्टी के अनुसार उन्हें केवल अदालत की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ था, इसलिए शपथ पत्र में इसका उल्लेख करने का कोई दायित्व नहीं था। भाजपा की ओर से पक्ष रखने वाले अधिवक्ता संकेत गुप्ता ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ लंबित मामले की जानकारी दस्तावेजों में उपलब्ध थी और उस मामले में उनकी ओर से जवाब भी दाखिल किया जा चुका था। इसके बावजूद यह जानकारी शपथ पत्र में शामिल नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के मुताबिक उम्मीदवार को अपने खिलाफ लंबित मामलों की पूरी जानकारी देना अनिवार्य है। इसी आधार पर भाजपा ने नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई थी। बता दें कि एमपी से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस के पास जरूरी 58 वोटों से दस वोट ज्यादा थे और यहां से मीनाक्षी नटराजन को निर्वाचन तय था, लेकिन भाजपा ने अंतिम समय में महेश केवट का नामांकन करवाकर चुनावी दांव चल दिया, जबकि उसके पास पर्याप्त मत ही नहीं थे। भाजपा को केवल कांग्रेस विधायकों की फूट से ही लाभ मिलना था, लेकिन मिनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होते केवट का निर्वाचन तय माना जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App