गगल एयरपोर्ट पर क्रिकेट का खुमार, खिलाडिय़ों के स्वागत में जुटी भीड़

हवाई अड्डे पर भारतीय क्रिकेट टीम का किया भव्य स्वागत, रोहित शर्मा समेत स्टार खिलाडिय़ों की एक झलक पाने उमड़े क्रिकेट प्रेमी

नगर संवाददाता- गगल
धर्मशाला में 13 जून को होने वाले बहुप्रतीक्षित वनडे मुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार दोपहर करीब सवा एक बजे एलायंस एयर के विशेष विमान से गगल एयरपोर्ट पहुंची। टीम के आगमन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला और अपने पसंदीदा खिलाडिय़ों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक एयरपोर्ट परिसर के बाहर एकत्रित हुए। जैसे ही भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी मैदान से बाहर निकलेए प्रशंसकों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। टीम में कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।

खिलाडिय़ों को देखते ही फैंस उत्साह से उनका नाम लेकर पुकारने लगे और मोबाइल कैमरों में उनकी तस्वीरें व वीडियो कैद करने लगे। एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा भी विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। खिलाडिय़ों को धर्मशाला पहुंचाने के लिए विशेष बसों का प्रबंध किया गया था। एयरपोर्ट से टीम को कड़े सुरक्षा घेरे के बीच विशेष बसों द्वारा कंडी स्थित होटल रेडिसन ब्लू ले जाया गया, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। बता दें कि धर्मशाला में 13 जून को होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। भारतीय टीम के आगमन के साथ ही पूरे क्षेत्र में क्रिकेट का माहौल बन गया है और अब सभी की निगाहें धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं।

गंभीर ने प्रशंसकों संग खिंचवाई तस्वीरें, जीता दिल
नगर संवाददाता- गगल
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर गुरुवार को दिल्ली से स्पाइसजेट के नियमित विमान द्वारा गगल हवाई अड्डे पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और प्रशंसक पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। गगल एयरपोर्ट पर पहुंचते ही गौतम गंभीर का प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रशंसकों में उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने और उनसे मिलने की उत्सुकता देखने को मिली। गौतम गंभीर ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और सभी के साथ सहजता से फोटो खिंचवाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम के सफल मार्गदर्शन के लिए गौतम गंभीर को शुभकामनाएं दीं। उनके सरल और मिलनसार व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की।