राष्ट्रीय स्तर पर चमका धमून स्कूल

शिक्षा-पर्यावरण संरक्षण में बेहतरीन काम के लिए तीसरी बार मिला स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार

नगर संवाददाता-राजगढ़
शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राजकीय माध्यमिक विद्यालय धमून ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विद्यालय को तीसरी बार स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा प्रदान किया जाता है। देश भर के 191 चयनित विद्यालयों में से धमून विद्यालय ने 14वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, हरित परिसर विकास, कचरा प्रबंधन तथा विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता विकसित करने हेतु किए गए सतत प्रयासों का प्रतिफल है। विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए समय-समय पर विविध गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

विद्यार्थियों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और पुनर्चक्रण जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो रही है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान विद्यालय की कार्यशैली, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रमाण है। विद्यालय प्रभारी पायल तोमर ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समिति तथा स्थानीय समुदाय को दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और समर्पण के कारण ही विद्यालय निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहा है।