धर्मशाला क्रिकेट और टेट एक साथ, स्कूल शिक्षा बोर्ड का अलर्ट, एक दिन पहले पहुंचे परीक्षार्थी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— धर्मशाला
धर्मशाला में 13 जून का दिन खेल प्रेमियों और परीक्षार्थियों दोनों के लिए बेहद गहमागहमी भरा होने वाला है। एक तरफ जहां भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले रोमांचक वनडे क्रिकेट मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। वहीं, दूसरी ओर इसी दिन हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की महत्त्वपूर्ण टेट परीक्षा आयोजित हो रही है। इस अंतरराष्ट्रीय मैच के कारण शहर में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए एक विशेष अलर्ट जारी किया है। बोर्ड ने साफ तौर पर सलाह दी है कि अभ्यर्थी परीक्षा छूटने के जोखिम से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले ही बना लें और यदि संभव हो, तो एक दिन पहले ही धर्मशाला पहुंच जाएं।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 जून को टीजीटी आट्र्स और टीजीटी मेडिकल की टेट परीक्षा (जून, 2026) का आयोजन किया जा रहा है। तय शेड्यूल के मुताबिक, टीजीटी आट्र्स सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक, टीजीटी मेडिकल दोपहर दो से शाम 4:30 बजे तक होगा। धर्मशाला में जहां सबसे अधिक ट्रैफिक जाम होगा, उन केंद्रों में गल्र्स स्कूल धर्मशाला, मटौर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दाड़ी के नाम शामिल हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
