शपथ में ड्रामा, डीसी को लगे धक्के

बचत भवन में बंद कमरे में हुआ शपथ ग्रहण, परिजनों और मीडिया को बाहर रखने पर बढ़ा विवाद
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान शनिवार को बचत भवन में जमकर हंगामा देखने को मिला। मीडिया कर्मियों और जिला परिषद सदस्यों के परिजनों को समारोह स्थल से बाहर रखने के प्रशासनिक निर्णय पर भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया, जिसके चलते कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 11 बजे निर्धारित था। समारोह में शामिल होने पहुंचे लोगों को अधिकारियों की ओर से बताया गया कि सभागार में केवल नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य, विधायक और सांसद ही मौजूद रह सकते हैं। इसके बाद मीडिया कर्मियों, परिजनों और अन्य लोगों को बाहर जाने के लिए कहा गया। इस निर्णय का भाजपा नेताओं ने विरोध किया। मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष केशव चौहान सहित कई नेता मौजूद थे।

विरोध बढऩे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभागार के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। उपायुक्त-जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप शपथ ग्रहण कराने के लिए बचत भवन पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करवाई। बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों के कारण परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। हंगामे के दौरान मुख्य द्वार पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर उपायुक्त को सभागार तक पहुंचाया। कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। शपथ ग्रहण समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जिले के सभी 25 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया।

25 जिला परिषदों ने संभाला कार्यभार
नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों के तहत वार्ड-1 त्यावल ज्यूरी से कुमारी अनुराधा, वार्ड-2 झाकड़ी से कुमारी ममता, वार्ड-3 नरैण से रॉनी, वार्ड-4 बगलती से रानु देवी, वार्ड-5 सीमा रणटाड़ी से सुरेंद्र रेटका, वार्ड-6 क्वार से मनजीत सिंह, वार्ड-7 खशधार से धर्मेंद्र सिंह, वार्ड-8 भलूण से कल्पना देवी, वार्ड-9 टिककर से भरत सिंह कलांटा, वार्ड-10 सरस्वती नगर से कुमारी नेहा मेहता, वार्ड-11 बढाल से मीनाक्षी, वार्ड-12 कलबोग से रेखा चौहान व वार्ड-13 चडोली से कुमारी मन्नत तेगवान ने जिला परिषद सदस्य की शपथ ली। इसी प्रकार वार्ड-14 चन्दलोग नेरूवा से भोपेंद्र, वार्ड-15 गोरली मड़ावग से अतुल शर्मा, वार्ड-16 घोडऩा से सुरेंद्र कुमार, वार्ड-17 टियाली से कुमारी नेहा जगटा, वार्ड-18 क्यार से आशा कंवर, वार्ड-19 चमियाना से खुश विक्रम सेन, वार्ड-20 बल्देंया से ओम प्रकाश, वार्ड-21 बढ़ई से प्रियंका तनवर, वार्ड-22 हलोग धामी से अनीता देवी, वार्ड-23 खटनोल से कुमारी प्रभा उर्फ शिवानी, वार्ड-24 कुमारसैन से तारा देवी व वार्ड-25 भुटटी से संदीप को शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया है।