निचार में 47.13 लाख की पेयजल योजना का लोकार्पण

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में बोले जगत सिंह नेगी, चिट्टामुक्त हिमाचल के लिए खुफिया तंत्र हो रहा मजबूत, आधुनिक बागवानी और अंग्रेजी माध्यम शिक्षा पर दिया जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि लोगों को घर-द्वार पर ही जनसमस्याओं का समाधान मिल सके। जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। चिट्टामुक्त प्रदेश बनाने के लिए पुलिस विभाग के खुफिया तंत्र को मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी इस घातक नशे से बच सके। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाजसेवियों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बागवानी क्षेत्र में आधुनिक खेती अपनाने पर बल देते हुए कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में किन्नौर के सेब को बेहतर दाम दिलाने और विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि प्रदेश में 150 सीबीएसई विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जाएगी। जिला किन्नौर के निचार, भावानगर, सांगला, रिकांगपिओ और कानम स्कूलों को इस योजना में शामिल किया है, जबकि अगले शैक्षणिक सत्र में पूह और कटगांव स्कूलों को भी जोड़ा जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा के बाद राहत मैनुअल में संशोधन कर प्रभावित परिवारों को मकानों के पुनर्निर्माण के लिए सात लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने जल शक्ति विभाग की 47.13 लाख रुपए लागत से निर्मित पेयजल योजना ग्रांगे-निचार का लोकार्पण किया तथा चिट्टे के खिलाफ लघु नाटिका प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। कार्यक्रम में उपायुक्त किन्नौर डाक्टर अमित कुमार शर्मा सहित मुलाजिम उपस्थित रहे।

उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन
रिकांगपिओ। जिला किन्नौर के उपायुक्त (डीसी) कार्यालय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष जयदेव नेगी और महासचिव बलवीर सिंह के नेतृत्व में मंत्री जगत सिंह नेगी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किन्नौर जिला व राजस्व विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। बैठक में संघ के अध्यक्ष जयदेव नेगी ने मंत्री को अवगत कराया कि राजस्व विभाग में स्टाफ की भारी कमी के कारण रोजमर्रा का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के आवासीय क्वार्टरों के निर्माण और विभागीय पदोन्नति जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा की। नेगी ने किन्नौर कर्मचारी संघ की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि स्टाफ की कमी को दूर करने व कर्मचारी कल्याण के लिए जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।