परवाणू ईएसआई अस्पताल बढ़ेंगी सुविधाएं, 62 लाख का बजट मंजूर
रोगी कल्याण समिति की बैठक में आधुनिक उपकरणों की खरीद और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
निजी संवाददाता-परवाणू
ईएसआई राज्य अस्पताल परवाणू में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की वार्षिक बैठक सहायक आयुक्त शेफाली शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित विकास कार्यों को गति देने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में वर्ष 2025-26 के लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के लिए एयर कंडीशनर, आईसीयू उपकरण, डेंटल एवं अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर चर्चा की गई। बताया गया कि वेंटिलेटर, मल्टी-पैरा मॉनिटर और डिफिब्रिलेटर जैसे महत्वपूर्ण उपकरण मुख्य कार्यालय शिमला द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा हैंड वॉशिंग सिस्टम, स्टील अलमारी, डीप फ्रीजर और रिकॉर्ड रूम निर्माण जैसे लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। सहायक आयुक्त एवं आरकेएस चेयरपर्सन शेफाली शर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। वहीं अस्पताल प्रबंधन प्रमुख डा. ज्योति कपिल ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों से अस्पताल की सेवाओं में व्यापक सुधार होगा और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। बैठक में वर्ष 2026-27 के नए एजेंडे को भी मंजूरी दी गई, जिसमें अस्पताल के विभिन्न विभागों में एयर कंडीशनर लगाने, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, ए-स्कैन मशीन, कस्टमाइज्ड स्टोरेज रैक तथा अन्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नए रिकॉर्ड रूम भवन निर्माण, हैंड वॉशिंग सिस्टम की स्थापना और कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव भी शामिल किए गए। रोगी कल्याण समिति ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 62 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी। इस राशि का उपयोग वेतन, दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों की खरीद, भवन मरम्मत तथा आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर संचालन पर किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
