गाड़ी और नौकरी का लालच देकर बदला जा रहा ईमान

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

बिलासपुर में धर्मांतरण रोकने को लेकर सडक़ों पर उतरे हिंदू संगठन; विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल ने हवाण में हुए प्रकरण को लेकर मांगी सख्त कार्रवाई

कार्यालय संवाददाता – बिलासपुर
जिला बिलासपुर के अंतर्गत हवाण में कथित तौर पर धर्मांतरण का मसमला तूल पकड़ता जा रहा है। हिंदू संगठनों ने अब इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हिंदू संगठनों का कहना है कि इस तरह की मनमानी सहन नहीं की जाएगी। जो लोग धर्मांतरण की इस प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं, उन्हें किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हिंदू संगठनों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से भी सहयोग मांगा है और स्पष्ट किया है कि इस तरह के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मंगलवार को हिंदू संगठनों ने जिला मुख्यालय बिलासपुर में रोष रैली निकाली। शहीद स्मारक से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय परिसर तक रोष रैली निकाली गई। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार व एएसपी शिव चौधरी को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के प्रांत महामंत्री अधिवक्ता तुषार डोगरा, जिला सह मंत्री विश्व हिंदू परिषद विशाल नड्डा, बजरंग दल के जिला संयोजक सूर्या चंदेल, रमन, राजिंद्र, ओंकार, अभिषेक इाकुर, मनप्रीत सिंह, शिव, शुभम, संजू, कर्ण ठाकुर सहित अन्य ने कहा कि हवाण क्षेत्र में धर्मांतरण का जोरशोर से प्रचार किया जा रहा है। अभी तक हवाण गांव के चार परिवार धर्मांतरण करवा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस गांव के भोले भाले लोग दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और इन लोगों को पैसे, नौकरी, गाड़ी, बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने का आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण की प्रक्रिया को अंजाम देने वाले लोग हिंदूओं के साथ हिंदूओं के देवी देवताओं को भी आपत्तिजनक शब्द कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस षडय़ंत्र स्थानीय लोगों के साथ ही बाहरी लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हवाण शिव मंदिर कई श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। कुछ दिन पहले कुछ लोग यहां पर अन्य धर्म का प्रचार कर रहे थे। यहां पर कुछ लोगों ने उनका विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। वहीं हैरानी इस बात की है कि जो गांव के लोग इस विवाद को सुलझाने के लिए बीच बचाव करने के लिए आए उन लोगों पर भी एफआईआर दर्ज करवा दी गई। इसमें बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरेआम पैसों का प्रलोभन इन लोगों द्वारा दिया जा रहा है।

महिला नहीं आ रही अपने घर

हिंदू संगठनों के लोगों दावा किया कि क्षेत्र में एक महिला पिछले करीब छह माह से अपने मायके में हैं। यह महिला अपने घर वापस नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि यह महिला अपने पति को धर्मांतरण करवाने की जिद्द पर अड़ी हुई है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस क्षेत्र में धर्मांतरण की मशीनरी किस तरह से हावी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App